लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या में गांजा बरामदगी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अयोध्या को बदनाम करने के लिए ही वहां से गांजा बरामद होने की खबरें सामने लाई जा रही हैं, जबकि पूरे प्रदेश में खुलेआम गांजा मिल रहा है।
अखिलेश यादव ने मंगलवार रात सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा, ”अयोध्या को बदनाम करने के लिए ही क्या गांजा केवल वहां से बरामद दिखाया जा रहा है, जबकि सच यह है कि पूरे उप्र में ‘गांजा’ खुलेआम मिल रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए लिखा, ”अभी दो दिन पहले ही तो मुख्य उपभोक्ता वहीं थे। उनके रहते किसी और की जुर्रत कैसे हुई कि उनके क्षेत्र में यह अवैध कारोबार कर सके। जरूर कोई विशेष कृपा प्राप्त होगा।”
सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान करीब 1.27 करोड़ वोट कटने की बात और अयोध्या में करीब 1.27 करोड़ रुपये के गांजे की बरामदगी के आंकड़े को जोड़ते हुए भी तंज कसा। उन्होंने लिखा, ”वैसे यह भी इत्तेफाक है कि इधर उन्होंने लगभग 1.27 करोड़ वोट कटने की बात कही और उधर लगभग 1.27 करोड़ का गांजा पकड़ा गया। कुछ तो गड़बड़ है!
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट के साथ अयोध्या जिले के पूराकलंदर थाने की एक तस्वीर भी साझा की।