कैलिफोर्निया में इस सप्ताह संघीय अधिकारियों द्वारा कथित मतदाता धोखाधड़ी के आरोप में निशाना बनाए गए ज्यादातर प्रवासियों ने अमेरिकी नागरिकता के लिए आवेदन किया था और अब उन पर फॉर्म भरने या साक्षात्कार के दौरान झूठ बोलने से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।
दोषी पाए जाने पर उन्हें कई साल की सजा हो सकती है और अमेरिकी नागरिकता हासिल करने की उनकी कोशिशों को झटका लग सकता है।
आरोपियों में शामिल अमनदीप कौर पिछले आठ वर्षों से अमेरिका में रह रही हैं और अमेरिकी नागरिक बनने की प्रक्रिया में हैं। उनके पति कुलविंदर सिंह ने यह जानकारी दी।
सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी ने 2024 में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया था, लेकिन अंग्रेजी में परेशानी होने के कारण उन्होंने मोटर वाहन विभाग (डीएमवी) में हिंदी में लिखित परीक्षा दी थी। उन्हें नहीं पता कि उस समय उनकी पत्नी का नाम मतदाता के रूप में दर्ज हुआ था या नहीं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को 2024 में एक मतपत्र मिला था, जिसे उन्होंने भरकर वापस भेज दिया था, लेकिन दोनों को लगा था कि वह मतदाता पंजीकरण फॉर्म है।
सिंह ने कहा कि अब उनकी पत्नी इस खबर से बेहद परेशान हैं कि हो सकता है कि उनसे कोई गैरकानूनी काम हो गया हो। अमेरिकी नागरिक सिंह ने कहा, ‘‘वह बस रोती रहती हैं। यह दिल तोड़ने वाला है।
आरोपियों में 42 वर्षीय जोस एंटोनियो बान्युएलोस-डियाज भी शामिल हैं। वह 40 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं और अपनी पूरी वयस्क जिंदगी कानूनी स्थायी निवासी के रूप में बिताने के बाद अक्टूबर 2025 में अमेरिकी नागरिकता के लिए आवेदन किया था।
संघीय सरकार ने आरोपपत्र में कहा है कि उन्होंने 2007 में मतदाता के रूप में पंजीकरण कराते समय अनुचित तरीके से खुद को अमेरिकी नागरिक बताया था और बाद में आव्रजन संबंधी दस्तावेजों में भी इस बारे में झूठी जानकारी दी। हालांकि, सरकार ने उन पर मतदान करने का आरोप नहीं लगाया है।
बान्युएलोस-डियाज ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि सोमवार को लॉस एंजिलिस स्थित उनके घर के बाहर गिरफ्तार किए जाने तक उन्हें पता नहीं था कि उनका नाम मतदाता के रूप में दर्ज है। हालांकि, उन्हें याद है कि उन्होंने 2007 के आसपास ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया था। कैलिफोर्निया में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करते समय लोगों को मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने का विकल्प दिया जाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने कभी मतदान नहीं किया, क्योंकि मुझे पता है कि मैं ऐसा नहीं कर सकता। अगर कोई गलती हुई थी, तो उन्हें मुझे उसी समय रोकना चाहिए था, न कि 20 साल बाद।’’
गिरफ्तारी के बाद उन्हें हिरासत से रिहा कर दिया गया, लेकिन दोषी पाए जाने पर उन्हें पांच साल तक की जेल हो सकती है।
संघीय अधिकारियों ने सोमवार को कैलिफोर्निया में 24 से अधिक कानूनी स्थायी निवासियों के खिलाफ अवैध रूप से मतदान करने या इसके लिए पंजीकरण कराने के आरोप में कार्रवाई की। बृहस्पतिवार सुबह तक सरकार ने 28 में से 10 मामलों में आरोपपत्र दाखिल कर दिए थे। इन दस्तावेजों में बताया गया है कि अधिकारियों ने मतदाता पंजीकरण के आंकड़ों के आधार पर आव्रजन स्थिति से जुड़े व्यापक आपराधिक आरोप लगाने की कार्रवाई कैसे की।
कैलिफोर्निया में आरोपों का सामना कर रहे ज्यादातर प्रवासी कम से कम पांच वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं, जबकि कुछ कई दशकों से वहां रह रहे हैं। नागरिकता के आवेदन में झूठ बोलने का दोषी पाए जाने पर उन्हें देश से निर्वासित भी किया जा सकता है।
अवैध मतदान की तुलना में आव्रजन संबंधी फॉर्म में झूठ बोलने पर अधिक सजा का प्रावधान है।
अमेरिका में अवैध रूप से मतदान करने के दोषी प्रवासियों को एक साल तक की जेल हो सकती है। वहीं, अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के आवेदन में झूठ बोलने के दोषियों को दस साल तक की सजा हो सकती है।
न्याय विभाग ने एक बयान में कहा कि छह लोगों पर गैर-अमेरिकी नागरिक होने के बावजूद मतदान करने का आरोप लगाया जाएगा। यह एक मामूली अपराध की श्रेणी में आता है। अन्य 22 लोगों पर कई गंभीर आपराधिक आरोप लगाए गए हैं, जिनमें नागरिकता आवेदन, साक्षात्कार या मतदाता पंजीकरण फॉर्म में झूठी जानकारी देना शामिल है।