हमीरपुर के जिलाधिकारी द्वारा एक सरकारी स्कूल का निरीक्षण किये जाने के दौरान स्कूली बच्चों के एक समूह ने उनका वाहन रोक लिया और उपयुक्त पठन-पाठन नहीं होने, छात्रों की पिटाई किये जाने तथा खराब गुणवत्ता वाले मध्याह्न भोजन की शिकायत की।
जिलाधिकारी अशोक कुमार ने बुधवार को कुरारा क्षेत्र के अंतर्गत पतारा गांव में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने स्कूल में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्था की समीक्षा की तथा छात्रों से उनकी पढ़ाई और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
हमीरपुर-GEN अल्फा स्कूली बच्चे ने @dmhamirpurup को स्कूल के बाहर रोक कर सुनाई समस्याएं,बताया अपना दर्द। स्कूली बच्चे बोले की बिना छाने आटे की रोटी देते हैं पानी जैसी दाल,दूध में छाछ मिलाते हैं। स्कूली बच्चों के गंभीर आरोपों को डीएम ने सहजता से सुने औेर बीएसए को दिए जांच के आदेश। pic.twitter.com/xdFpo14swY
— Manoj Srivastava (@Manojtvnews) September 30, 2026
जिलाधिकारी जब निरीक्षण के बाद वहां से रवाना हो रहे थे, तभी बच्चों ने उनका वाहन रोक लिया और शिकायत की। स्कूली बच्चों ने आरोप लगाया कि स्कूल में छात्रों की पिटाई की जाती है और उपयुक्त पठन-पाठन नहीं हो रहा है।
बच्चों ने स्कूल में परोसे जा रहे मध्याह्न भोजन (मिड-डे मिल) की गुणवत्ता की भी शिकायत की। उन्होंने इस योजना के तहत परोसे जा रहे खराब गुणवत्ता के भोजन के बारे में भी शिकायत की और आरोप लगाया कि उन्हें दिए जाने वाले दूध में छाछ मिला दी जाती है।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा, ‘बच्चों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।