मेरठ जिले के मवाना क्षेत्र में सोमवार को एक स्कूल में कक्षा सात के छात्र की कथित तौर पर हृदय गति रुकने से मौत हो गई।
मेरठ के मवाना क्षेत्र स्थित बसंत वैली पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 के 13 वर्षीय छात्र कुणाल शर्मा की अचानक मौत का मामला सामने आया है। 7 सितंबर को छुट्टी के बाद जब कुणाल ई-रिक्शा तक नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की गई। बाद में वह स्कूल के वॉशरूम में अचेत अवस्था में मिला। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रिपोर्टों के अनुसार, छुट्टी के बाद दूसरे बच्चे ई-रिक्शा में बैठ गए, लेकिन कुणाल बाहर नहीं आया। काफी देर तक इंतजार के बाद उसकी तलाश की गई और वॉशरूम में वह अचेत मिला। स्कूल स्टाफ ने उसे तत्काल चिकित्सा सहायता देने की कोशिश की और अस्पताल ले जाया गया।
मवाना के क्षेत्राधिकारी (सीओ) पंकज लवानिया ने बताया कि काबली गेट क्षेत्र निवासी कुणाल शर्मा (12) बसंत वैली पब्लिक स्कूल में कक्षा सात में पढ़ता था। उन्होंने बताया कि सोमवार को स्कूल में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और हृदय गति रुकने से उसकी मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन और परिजन छात्र को चिकित्सकों के पास ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लवानिया के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। छात्र की अचानक हुई मौत से उसके परिवार में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि छात्र छुट्टी होने के बाद दोपहर में शौचालय गया था, जहां अचानक उसकी हृदय गति रुक जाने के कारण मौत हो गई।