राजधानी लखनऊ में शनिवार तड़के सुलतानपुर राजमार्ग पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से उस पर सवार चार लोगों की मौत हो गई।
यह हादसा सुबह करीब 4:45 बजे गंगागंज इलाके में हुआ। सूचना मिलते ही गोसाईगंज पुलिस, अग्निशमन विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीमें मौके पर पहुंचीं। ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे चार लोग दब गए थे। एनएचएआई की क्रेन की मदद से वाहन को हटाकर सभी को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज पहुंचाया गया।
पुलिस ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर तीन लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे व्यक्ति को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में शामिल पीतांबर रावत बाराबंकी जिले के अचककामऊ गांव का निवासी था और देशराज नामक व्यक्ति के ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था।
पुलिस ने बताया कि अन्य तीन मृतक ईंटों की ढुलाई का काम करने वाले मजदूर थे। मृतकों की पहचान संदीप रावत (25), पीतांबर रावत (35), पवन रावत (25) और बलराम रावत के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से हटा दिया गया है। इस मामले में विस्तृत कार्रवाई की जा रही है।










