भदोही जिले में कुछ युवकों द्वारा बेटी से छेड़खानी की शिकायत करने थाने गई एक महिला से अभद्र तरीके से बात करने के आरोप में एक वरिष्ठ उप निरीक्षक को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने यहां बताया कि एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें ज्ञानपुर थाने में तैनात वरिष्ठ उप निरीक्षक श्याम नारायण यादव एक महिला से अभद्र तरीके से बात और व्यवहार करते नजर आ रहे हैं और प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए जाने पर उन्हें निलंबित करके अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल को पूरे मामले की विभागीय जांच की जिम्मेदारी दी गई है।
त्यागी ने बताया कि महिला का आरोप है कि कुछ लोग उसकी 15 वर्षीय बेटी से अक्सर अश्लील बातें और छेड़खानी करते हैं। उन्होंने बताया कि उसकी तहरीर पर बहाल दुबे और संदीप यादव और उसके कुछ अन्य साथियों के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि आरोपी घर से फरार हैं और उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला रविवार को थाने में मुकदमा दर्ज करने गई थी और उस दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक श्याम नारायण यादव ने उससे अभद्र व्यवहार किया जिसका महिला ने चुपके से वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
भदोही ज्ञानपुर कोतवाली के बाहर महिला का आरोप: गांव के संदीप यादव और पिता बब्बू यादव उनकी बेटी का लगातार पीछा कर रहे हैं।
थाने में शिकायत करने पर दरोगा लड़की को डांट रहे हैं,
“भागो यहां से, तुम्हारा कुछ नहीं सुनाई होगा”।लिखित शिकायत दी गई फिर भी कार्रवाई नहीं। @bhadohipolice… pic.twitter.com/hPxqH3BAAm
— Vimal kumar (@vimalkumar89576) August 9, 2026
परिजन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना स्थानीय पर अभियोग पंजीकृत कर प्रकरण में अग्रिम विवेचनात्मक कार्यवाही प्रचलित है। अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित कर संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। प्रकरण में नियमानुसार शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
— BHADOHI POLICE (@bhadohipolice) August 11, 2026









