दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन में लाठीचार्ज के दौरान एक महिला की मौत होने का दावा करने वाले सोशल मीडिया पोस्ट का बृहस्पतिवार को खंडन करते हुए इसे झूठा बताया और गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रदर्शनकारी की मौत नहीं हुई है।
CJP terrorists and Umar Khalid’s illegal sons attacked a Delhi Police officer. He is now in the ICU. pic.twitter.com/H85icK6hPe
— Tajinder Bagga (@TajinderBagga) July 22, 2026
उन्होंने वायरल दावे को ‘झूठा प्रचार’ बताया, जिसका उद्देश्य ‘दहशत पैदा करना और पुलिस-विरोधी और सत्ता-विरोधी भावनाओं को भड़काना’ है।
पुलिस ने जनता से असत्यापित जानकारी प्रसारित न करने की अपील की और लोगों से सोशल मीडिया पर कोई भी सामग्री साझा करने से पहले केवल सत्यापित तथ्यों पर भरोसा करने का आग्रह किया।
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘ऐसे झूठे पोस्ट फैलाकर लोगों को भड़काने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’ इसमें कहा गया है कि भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने सभी से शांति बनाए रखने और हिंसा से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि गलत सूचना से कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।










