बहराइच जिले के नानपारा तहसील प्रशासन ने बृहस्पतिवार को विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी करके नौ बाल श्रमिकों को मुक्त कराया और सात प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
नानपारा की उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने बताया कि राजस्व विभाग, श्रम विभाग, पुलिस, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा स्वैच्छिक संगठन ‘रोज़ संस्थान’ की संयुक्त टीम ने शिवपुर मार्ग, बाईपास चौराहा और नगर के प्रमुख बाजारों में स्थित ऑटो सर्विस सेंटर, वेल्डिंग की दुकानों, और वस्त्रालयों समेत विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
डीएम सर के निर्देश पर आज बालश्रम उन्मूलन हेतु संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया। विभिन्न प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान 9 बच्चों को बालश्रम से मुक्त कराया तथा 7 नियोक्ताओं के विरुद्ध बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की गई। pic.twitter.com/W96EnZUGIY
— Monalisa Johri, SDM (@PCSMonalisa) July 23, 2026
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने की पुष्टि होने पर उन्हें तत्काल मुक्त कराया गया और संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी करते हुए कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।
जौहरी ने बताया कि अभियान के दौरान व्यापारियों और आम लोगों को बाल श्रम कानून की जानकारी देते हुए उन्हें बताया गया कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का कार्य कराना पूरी तरह प्रतिबंधित है, जबकि 14 से 18 वर्ष आयु के किशोरों से खतरनाक कार्य कराना भी कानूनन अपराध है।