अयोध्या, ऐतिहासिक घंटाघर चौक और सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता स्मारक आचार्य नरेंद्र देव पार्क को अब आर्किटेक्चरल एलईडी फसाड लाइटिंग से सजाया जाएगा। घंटाघर चौक में महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ समारोहपूर्वक सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया।
महापौर दोपहर सवा 12 बजे अन्य साथियों के साथ घंटाघर की छत पर पहुंचे और वैदिक रीति-रिवाज से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर पूर्व उप सभापति राजेश गौड़, पार्षद अनिल सिंह, विशाल पाल, धर्मवीर, सोमू यादव, अजय पांडेय, भाजपा नेता आलोक द्विवेदी, संग्राम सिन्हा, नगर निगम के सहायक अभियंता निर्माण राजपति यादव तथा अवर अभियंता प्रकाश जाह्नवी सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि घंटाघर चौक को लाल चौक की तर्ज पर सजाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत घंटाघर पर आर्किटेक्चरल एलईडी फसाड लाइटिंग लगाई जाएगी, जिसे डीएमएक्स कंट्रोल सिस्टम से नियंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भवन की रूपरेखा को उभारने के लिए एलईडी स्ट्रिप एवं लाइनर लाइटिंग लगाई जाएगी। इसके साथ ही भवन पर नीचे से ऊपर की ओर प्रकाश डालने के लिए अप-लाइटिंग की जाएगी। इससे संध्या और रात्रि के समय घंटाघर चौक का स्वरूप अत्यंत आकर्षक दिखाई देगा। शहरवासी तथा पर्यटक इसकी खूबसूरती का आनंद ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि सिविल लाइन स्थित आचार्य नरेंद्र देव पार्क, जहां शहीद स्मारक स्थित है, उसे भी फसाद लाइटिंग से सजाया और संवारा जाएगा।









