प्रतापगढ़ जिले के मांधाता थाने में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक (दरोगा) अर्जुन सिंह के खिलाफ एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इस बीच, पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
नगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष मिश्रा ने बताया कि युवती ने एसपी को दी तहरीर में आरोप लगाया कि अर्जुन सिंह की भदोही में तैनाती के दौरान एक मुकदमे की जांच के समय उससे मुलाकात हुई थी। बातचीत के दौरान अर्जुन ने शादी का झांसा देकर कई होटलों में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस के मुताबिक युवती का आरोप है कि प्रतापगढ़ के थाना मांधाता में तबादला होने के बाद जब उसने अर्जुन पर शादी का दबाव बनाया तो उसने धमकी दी और शादी से इनकार कर दिया।
सीओ ने बताया कि एसपी के आदेश पर थाना महिला पुलिस ने उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी ने अर्जुन सिंह को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
— PRATAPGARH POLICE (@pratapgarhpol) June 30, 2026









