अयोध्या, रविवार सुबह सरयू नदी में स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा जल पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से टल गया। गहरे पानी में जाने के कारण डूब रही महाराष्ट्र की मां-पुत्री को जल पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
सकुशल बाहर निकालने के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, आज सरयू घाट पर श्रद्धालु स्नान कर रहे थे। इसी दौरान महाराष्ट्र राज्य से आए एक परिवार की मां और बेटी अचानक पैर फिसलने या अंदाजा न मिल पाने के कारण नदी के गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। घाट पर मौजूद लोगों ने जब उन्हें डूबते देखा तो वहां चीख-पुकार मच गई।
नदी में डूबने की सूचना मिलते ही घाट पर ड्यूटी पर तैनात जल पुलिस की टीम तुरंत एक्शन में आ गई। जल पुलिस प्रभारी हेड कांस्टेबल रूबे प्रताप मौर्य और कांस्टेबल नित्यानंद यादव ने बिना एक पल गंवाए स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्परता दिखाते हुए नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जल पुलिस टीम की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते डूब रही मां-बेटी को बेहद सुरक्षित तरीके से गहरे पानी से बाहर निकाल लिया गया। समय रहते मिले इस जीवनदान के कारण एक बहुत बड़ा हादसा होने से बच गया।
सुरक्षित रेस्क्यू किए जाने के बाद दोनों तीर्थयात्रियों को सकुशल उनके बदहवास परिजनों के सुपुर्द किया गया, जिसके बाद परिजनों ने अयोध्या जल पुलिस और स्थानीय लोगों का हाथ जोड़कर आभार जताया।

