नई दिल्ली, ईंधन बचाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद Supreme Court of India ने बड़ा फैसला लिया है। अब सुप्रीम कोर्ट में सोमवार और शुक्रवार को होने वाली सुनवाई मुख्य रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जाएगी।
इसके अलावा अदालत के जजों ने कारपूलिंग को बढ़ावा देने और कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू करने का भी निर्णय लिया है।
सुप्रीम कोर्ट के सचिवालय की ओर से जारी सर्कुलर में कहा गया है कि ईंधन बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
मंगलवार से गुरुवार तक अदालत में हाइब्रिड मोड जारी रहेगा, जिसमें वकील और पक्षकार ऑनलाइन या फिजिकल दोनों तरीके से शामिल हो सकेंगे।
सर्कुलर के मुताबिक, रजिस्ट्री के करीब 50 प्रतिशत कर्मचारियों को सप्ताह में अधिकतम दो दिन वर्क फ्रॉम होम की अनुमति दी गई है। वहीं जजों ने भी ईंधन की खपत कम करने के लिए कारपूलिंग अपनाने पर सहमति जताई है।
