कुशीनगर जिले में बुधवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया। खड्डा थाना क्षेत्र के भैसहा नारायणी नदी तट पर आयोजित ऐतिहासिक चार दिवसीय मेले में 60 फीट ऊंचा एक विशाल झूला अचानक टूटकर गिर गया।
इस भयानक दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 30 से 40 लोग घायल हो गए हैं। मेले में देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा उस वक्त हुआ जब चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर प्राचीन दुर्गा मंदिर के पास लगे मेले में भारी भीड़ उमड़ी थी। पूर्वांचल के साथ-साथ बिहार और नेपाल से भी लोग यहाँ पहुंचे थे।
चश्मदीदों और घायलों के मुताबिक, झूला शुरू होते ही उसमें से अजीब आवाजें आने लगी थीं। लोगों ने ऑपरेटर को झूला रोकने के लिए चिल्लाकर कहा भी, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। महज दो बार घूमने के बाद 60 फीट ऊंचा झूला तेज आवाज के साथ उखड़कर नीचे गिर गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त झूले पर लगभग 80 लोग सवार थे। अचानक गिरने से लोग एक-दूसरे के ऊपर दब गए।
सूचना मिलते ही खड्डा विधायक विवेकानंद पांडे और डीएम महेंद्र तंवर मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया। शुरुआती जांच में झूला संचालन में बड़ी लापरवाही की बात सामने आ रही है।
फिलहाल मेला स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है साथ ही दो बच्चों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।




