आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अन्तर्राज्यीय एटीएम फ्रॉड गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है।
एटीएम कार्ड बदलकर खाताधारकों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले इस शातिर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को पुलिस ने तमंचा, नकदी, 25 एटीएम कार्ड और फर्जी नंबर प्लेट लगी कार के साथ गिरफ्तार किया है।
यह गिरोह बिहार और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में सक्रिय था और अलग-अलग जगहों पर वारदातों को अंजाम देता था। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह के नेतृत्व में जीयनपुर पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध कार को रोककर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने नाम दीपक झा और सौरभ चौधरी बताए, जो वर्तमान में मुंबई के कल्याण क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।




