अयोध्या में पुलिस ने एक वेश्यावृत्ति गिरोह का खुलासा होने के बाद शहर के लगभग 20 होटलों में तलाशी ली है। उसने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार देर रात उसने अयोध्या के होटलों और गेस्ट हाउसों का निरीक्षण किया लेकिन इस दौरान कोई भी अवैध गतिविधि नहीं पाई गई।
पुलिस ने होटल मालिकों को निर्देश दिया कि वे बिना उचित पहचान पत्र के किसी भी अतिथि को कमरा न दें और यदि कुछ संदिग्ध मिले, तो होटल प्रबंधन तुरंत पुलिस को सूचित करे।
पिछले शुक्रवार देर रात, पुलिस ने अयोध्या में एक गेस्ट हाउस पर छापा मारा, जहां बड़े पैमाने पर चल रहे एक ‘सेक्स रैकेट’ का भंडाफोड़ हुआ। वेश्यावृत्ति के धंधे में शामिल 11 महिलाओं समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
नवरात्र और आगामी त्योहारी सीज़न को ध्यान में रखते हुए, अयोध्या पुलिस ने फैजाबाद और अयोध्या दोनों शहरों में सुरक्षा कड़ी कर दी है।
शहर भर में अलग-अलग टीम को होटलों, गेस्ट हाउस और होमस्टे का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान कोई भी अनैतिक गतिविधि नहीं पाई गई। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने बताया कि अगर किसी भी इलाके से किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि की सूचना मिलती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


