नोएडा, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में तीन अज्ञात लोगों ने एक वरिष्ठ पत्रकार पर कथित तौर पर हमला किया और उनकी सोने की चेन छीन ली। पत्रकार नोएडा के सेक्टर 62 स्थित एक सार्वजनिक पार्क में शाम को टहलने गए थे।
पुलिस को दी गई शिकायत में पत्रकार ने बताया कि यह हमला उस समय हुआ जब वह पार्क के पास टहल रहे थे। उन्होंने कहा, ‘अचानक, तीन लोगों ने मुझ पर पीछे से हमला किया और मुझे ज़मीन पर गिरा दिया। मैंने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा। वे मेरी सोने की चेन छीन कर भाग गए।
वरिष्ठ पत्रकार ने शिकायत में बताया कि सोने की चेन की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है। चंद्रशेखर के मुताबिक, जब उन्होंने हमलावरों का पीछा करने की कोशिश की तो पार्क के बाहर खड़े एक व्यक्ति ने उन्हें बताया कि हमलावर ऑटोरिक्शा में भाग गए हैं।
पत्रकार ने स्थानीय सेक्टर 58 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, लेकिन शिकायत प्राप्त हुई है और कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने सोमवार शाम को घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि पार्क के आसपास की सड़कों पर लगे ज़्यादातर सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे। मंगलवार को भी पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए अपनी जांच जारी रखी।


