बहराइच जिले में शुक्रवार को जन्माष्टमी की मूर्ति विसर्जन के दौरान हाईटेंशन विद्युत तार से करंट उतरने के कारण आठ बच्चों सहित 11 लोग झुलस गये। प्रशासनिक एवं पुलिस सूत्रों ने उक्त जानकारी दी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार तथा जुलूस में एक दूसरे से सटकर चल रहे बच्चे और वयस्क करंट की चपेट में आकर झुलस गये।
थाना प्रभारी ने बताया कि मौके पर मौजूद एक होमगार्ड ने अपनी लाठी से बिजली के तार पर प्रहार किया तो विद्युत की चपेट में आए लोग बचे। यदि होमगार्ड ने समझदारी ना दिखलाई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि ‘विसर्जन जुलूस में ट्रैक्टर-ट्राली पर करंट उतरने से आठ बच्चों सहित कुल 11 लोग झुलसे हैं। सभी का स्थानीय चर्दा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया है।
गंभीर रूप से झुलसे एक बच्चे को बेहतर इलाज हेतु बहराइच मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। मेडिकल कॉलेज व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को इलाज में कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।








