अहमदाबाद, अहमदाबाद से ब्रिटेन के गेटविक जा रहे एअर इंडिया विमान के पायलट ने हादसे से ठीक पहले अति आपात संदेश अहमदाबाद हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) को भेजा था। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने यह जानकारी दी।
विमानन नियामक डीजीसीए ने एक बयान में कहा कि इसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल पर विमान के पायलट की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
अपराह्न करीब दो बजे, 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर लंदन के गेटविक जा रहा एअर इंडिया का विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें कई लोगों के हताहत होने की आशंका है।
डीजीसीए ने बताया कि विमान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल के पास थी, उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी थे। कैप्टन सुमित सभरवाल एलटीसी हैं और उन्हें 8200 घंटों का अनुभव है। सह-पायलट को 1100 घंटों के उड़ान का अनुभव है।
डीजीसीए ने एक बयान में बताया कि एटीसी के अनुसार, विमान ने अहमदाबाद से रनवे 23 से भारतीय समयानुसार एक बजकर 39 मिनट पर उड़ान भरी। इसने एटीसी को अति आपात कॉल (मेडे कॉल) किया, लेकिन उसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल का पायलट द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया।
डीजीसी के मुताबिक विमान रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद हवाई अड्डे की परिधि के बाहर जमीन पर गिर गया। उसने कहा कि दुर्घटना स्थल से भारी काला धुआं निकलता देखा गया। बोइंग विमान, जिसे तेजी से नीचे आता देखा जा सकता था, हवाई अड्डे के पास मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
डीजीसीए ने बयान में कहा, ‘‘12 जून 2025 को एअर इंडिया के बी787 विमान के जरिये वीटी-एएनबी (अहमदाबाद से गैटविक के लिए) के लिए उड़ान भरने वाली उड़ान संख्या एआई-171 का दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 अन्य सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे।
गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गृहमंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की और अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान की दुर्घटना की जानकारी ली।
प्रधानमंत्री ने तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ पल-पल जानकारी देने का भी निर्देश दिया है। वहीं बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए राममोहन नायडू अहमदाबाद पहुंच रहे हैं। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी विमान दुर्घटना पर गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात की है। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है।
एयर इंडिया की AI 171 उड़ान टेकऑफ के बाद क्रैश
अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की उड़ान AI 171 गुरुवार को टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही क्षण बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 2 पायलट, 10 केबिन क्रू सदस्य और 230 यात्री शामिल थे। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी प्लेन में सवार थे। क्रैश साइट से आसमान में काला धुआं उठता हुआ देखा गया। वहीं रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेक ऑफ करने के कुछ देर बाद मेघानीनगर के पास क्रैश हो गया। एयरपोर्ट से मेघानीनगर की दूरी 15 किलोमीटर के करीब है। वहीं हादसे के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू किया। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीमें भी दुर्घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।


