गाजियाबाद जिला पुलिस ने नाम बदल कर एक महिला से शादी करने तथा धर्म परिर्तन के लिये मजबूर करने के आरोप में एक युवक और उसके पिता एवं भाई को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
महिला ने 26 फरवरी को अपनी लिखित शिकायत में पुलिस को बताया कि छह साल पहले अहसान नामक व्यक्ति उससे मिला था और उसने खुद को राहुल बताया और उसे नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था।
कुछ दिनों बाद उसने आर्य समाज मंदिर में उससे शादी कर ली। महिला को जब उसके धर्म इस्लाम एवं मूल नाम अहसान के बारे में पता चला तो उसने आपत्ति जताई कि उसने अपना नाम क्यों छिपाया। इसके बाद वे आपस में झगड़ने लगे।
पुलिस ने बताया कि अहसान उर्फ राहुल (25) और उसके पिता अखलाक (55) और भाई इमरान (23) ने उस पर इस्लाम अपनाने का दबाव बनाया।
उन्होंने बताया कि पीड़िता ने जब ऐसा करने से इनकार कर दिया तो उन्होंने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और पीटा।
महिला ने आरोप लगाया कि उन्होंने तीन बार उसका गर्भपात करवाया। पुलिस उपायुक्त (ट्रांस हिंडन) निमिष पाटिल ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत टीला मोड़ थाने में मामला दर्ज किया है।


