दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत शनिवार को जारी मतगणना के रूझानों में निर्णायक बढ़त मिलते ही राजधानी स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय में समर्थकों ने जश्न की शुरुआत कर दी। समर्थकों ने ढोल बजाकर नृत्य किया और पार्टी के झंडे लहराए।
भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के ‘कटआउट’ पकड़े हुए समर्थकों ने एक-दूसरे को भगवा रंग भी लगाया। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीनतम रुझानों के अनुसार, दिल्ली की 70 विधानसभा सीट में से भाजपा 41 जबकि आम आदमी पार्टी (आप) सीट 29 पर आगे है।
शुरुआती रुझानों में भाजपा को महत्वपूर्ण बढ़त मिलती दिखने के बाद, पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने विश्वास जताया कि भाजपा राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा और इस बारे में फैसला केंद्रीय नेतृत्व लेगा।
उन्होंने कनॉट प्लेस में हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘अब तक के नतीजे हमारी उम्मीदों के अनुरूप हैं, लेकिन हम अंतिम परिणाम का इंतजार करेंगे। भाजपा पिछले 26 साल से दिल्ली की सत्ता से बाहर है।
नयी दिल्ली सीट पर तीन दौर की मतगणना के बाद ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल 343 मतों से आगे हैं। हालांकि, जगपुरा में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया 1,314 मतों से पीछे हैं।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार कालकाजी में मुख्यमंत्री आतिशी पहले दौर की मतगणना के बाद भाजपा के रमेश बिधूड़ी से 1,149 मतों से पीछे हैं।
बिधूड़ी ने कहा, ‘लोग भाजपा को निर्णायक जनादेश देंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली देश के बाकी हिस्सों के साथ-साथ प्रगति करेगी। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि राष्ट्रीय राजधानी से आप का सफाया हो जाएगा।’
मुस्तफाबाद में भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट तीन दौर के बाद 16,181 मतों से आगे हैं, जहां पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की ओर से उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन उम्मीदवार हैं।
ओखला में ‘आप’ के अमानतुल्ला खान भाजपा के मनीष चौधरी से 2,260 मतों से पीछे हैं।
ग्रेटर कैलाश में आप के सौरभ भारद्वाज 459 मतों से पीछे हैं, जबकि दिल्ली कैबिनेट में उनके सहयोगी गोपाल राय बाबरपुर में 8,995 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
करावल नगर सीट पर तीन दौर की मतगणना के बाद भाजपा के कपिल मिश्रा 8,603 मतों से आगे हैं, जबकि त्रिनगर में तिलक राम गुप्ता 8,339 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
भाजपा उम्मीदवार संजय गोयल (शाहदरा), चंदन चौधरी (संगम विहार), बजरंग शुक्ला (किरारी) और करतार सिंह तंवर (छतरपुर) आगे हैं।
‘आप’ के दुर्गेश पाठक (राजेंद्र नगर), अंजना पारचा (त्रिलोकपुरी) और वीर सिंह धिंगान (सीमापुरी) अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं।
शुरुआती रुझानों में भाजपा को महत्वपूर्ण बढ़त मिलने के बाद पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी का अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा।
उन्होंने कनॉट प्लेस में हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘अभी तक के नतीजे हमारी उम्मीदों के अनुरूप हैं, लेकिन हम अंतिम नतीजों का इंतजार करेंगे।’
दिल्ली में पांच फरवरी को हुए चुनाव में 1.55 करोड़ पात्र मतदाताओं में से 60.54 प्रतिशत ने मतदान किया था।


