अंबेडकर नगर, कटेहरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी धर्मराज निषाद ने समाजवादी पार्टी (सपा) की उम्मीदवार शोभावती वर्मा को 34,514 मतों के अंतर से शिकस्त दी। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
भाजपा ने बड़े अंतर से जीत दर्ज कर डाला। इस जीत ने विधानसभा क्षेत्र में नए समीकरण गढ़ डाले हैं। ब्राह्मण व क्षत्रिय मतदाता लंबे अरसे बाद एक मंच पर आकर वोट देने से नहीं हिचके तो वहीं अति पिछड़े वर्ग के मतदाताओं का एक जुट समर्थन इस वर्ग से जुड़े भाजपा प्रत्याशी धर्मराज निषाद को मिल गया। नतीजा यह हुआ कि भाजपा ने कटेहरी में इतिहास रचने वाली जीत दर्ज कर ली।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, धर्मराज निषाद को 1,04,091 वोट मिले जबकि शोभावती वर्मा को 69,577 मत प्राप्त हुए।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार अमित वर्मा 41,647 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
शोभावती वर्मा, अंबेडकर नगर लोकसभा सीट से सांसद लालजी वर्मा (सपा) की पत्नी हैं।
इस साल की शुरुआत में लालजी वर्मा के अंबेडकर नगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने जाने के बाद कटेहरी सीट पर उपचुनाव जरूरी हो गया था।


