अयोध्या, रामराज्य बैठे त्रैलोका । हर्षित भए , गए सब शोका । श्री रामचरितमानस की उक्त पंक्ति को चरितार्थ करते हुए श्री बाल रामलीला कमेटी कोठापार्चा, श्री बाल रामलीला समिति, अशोकपुरम जप्ती एवं श्री रामलीला कमेटी साहबगंज द्वारा अपने-अपने लीला स्थलों पर प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक का मनमोहक मंचन किया तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित रामभक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में प्रस्तुत भजनों की धुन जब श्रद्धालुओं के कानों में पड़ी तो वातावरण में भक्ति और आस्था की हिलोरे नजर आने लगी। कोठापार्चा में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद लल्लू सिंह और केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति जनपद-अयोध्या के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों सहित भगवान की आरती उतारी और उनका पूजन अर्चन किया ।
कार्यक्रम में लल्लू सिंह ने अपने संबोधन में कहा की हम सबको भगवान श्री राम के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का प्रयत्न करना चाहिए। केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि आज के दौर में कोई भी व्यक्ति राम की जीवन आदर्श से प्रेरणा नहीं ले रहा है, एक स्वस्थ समाज के लिए आज आवश्यक हो गया है कि हम राम के आदर्शों और समाज उनके जीवन से प्रेरणा लेकर के अपने जीवन में उनका अनुसरण करें।
कार्यक्रम में कोठापार्चा रामलीला के अध्यक्ष सिद्धार्थ महान, उपाध्यक्ष आशीष महेंद्रा के साथ अन्य पदाधिकारियों धनंजय कौशल, राजेंद्र सिंह वैभव, रामजी सोनी, सूरजभान पाल आदि ने अंगवस्त्र पहनाकर केंद्रीय समिति के सभी पदाधिकारी का स्वागत किया।
श्री रामलीला समिति साहबगंज द्वारा भव्य राजगद्दी के कार्यक्रम में गायक वंदन मिश्र द्वारा दर्शकों के समक्ष भाव विभोर कर देने वाली प्रस्तुति दी गई।
साहबगंज में आए हुए अतिथियों एवं केंद्रीय समिति के सहसंयोजक गगन जायसवाल, केशव बिगुलर, अतुल सिंह, आलोक शंकर, बजरंगी साहू, अखिलेश पाठक, अवधेश अग्रहरि, चंदन गुप्ता आदि का स्वागत व अभिनंदन अध्यक्ष नीरज पाठक ,पाटनदीन गुप्ता तथा समिति के अन्य पदाधिकारीगण रानू द्विवेदी, दीपक पांडे, नीरज पाठक आदि ने अंग वस्त्र पहनाकर किया।
वहीं दूसरी तरफ अशोकपुरम जप्ती की रामलीला में राज्याभिषेक का कार्यक्रम एक भजन संध्या के स्वरूप में प्रारंभ हुई और देर रात तक श्रद्धालगण प्रभु श्री राम के भजनों व कलाकारों के आकर्षक प्रस्तुति पर मंत्रमुग्ध होते रहे ।
उक्त अवसर पर केंद्रीय समिति के पदाधिकारीगण कार्यक्रम में पहुंचे जहां पर रामलीला समिति के अध्यक्ष पीयूष मौर्या, लकी के नेतृत्व में समिति के अन्य पदाधिकारियों ऋषिकेश मौर्या, रविंद्र कुमार, वीरेंद्र प्रताप, शैलेश मौर्य आदि ने केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों का स्वागत किया ।


