राजस्थान के बाड़मेर जिले में सोमवार रात भारतीय वायुसेना का एक मिग-29 लड़ाकू विमान तकनीकी गड़बड़ी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, पायलट सुरक्षित बाहर निकल आया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वायुसेना के एक अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच का आदेश दे दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘पायलट सुरक्षित है। जानमाल की क्षति नहीं हुई है। बाद में, वायुसेना ने ‘एक्स’ पर अद्यतन जानकारी पोस्ट की।
वायुसेना ने पोस्ट में कहा कि बाड़मेर सेक्टर में नियमित रात्रि प्रशिक्षण मिशन के दौरान मिग-29 में ‘‘गंभीर’’ तकनीकी गड़बड़ी आ गई, जिसके चलते पायलट को विमान से बाहर निकलना पड़ा।
पोस्ट में कहा गया है, ‘‘पायलट सुरक्षित है और जानमाल की क्षति की सूचना नहीं है। जांच का आदेश दे दिया गया है।’ बाड़मेर कलेक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र मीणा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे।
मीणा ने बताया कि यह घटना आबादी वाले इलाके से दूर हुई। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है। दुर्घटना के दौरान विमान में आग लग गई।’’
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटनास्थल के पास बारिश का पानी एकत्र था, जिसके चलते दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत हुई।


