बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को मजदूरों के दो पक्षों के बीच विवाद होने के बाद गोली चलने से ईंट भट्ठा मालिक की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसके अनुसार फरीदपुर क्षेत्र के ढकनी गांव का मोहम्मद मजहर खान उर्फ बॉबी एडवोकेट का ईंट भट्ठा पदारथपुर गांव में है। भट्टे पर काम कर रहे भुता क्षेत्र के कल्याणपुर गांव की सितारा एवं उसके बेटे और फरीदपुर के भूरेखां गोटिया के रेहान के बीच सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे घोड़ा बग्घी लगाने को लेकर विवाद हो गया था।
फरीदपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) गौरव सिंह ने बताया कि ईंट भट्टे पर मजदूरों के दो पक्षों में बग्गी में ईंट भरने को लेकर उत्पन्न विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सिंह के मुताबिक बीच-बचाव करने पर किसी मजदूर ने भट्ठा मालिक मजहर (50) की गोली मारकर हत्या कर दी।
सीओ ने बताया कि इस घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।


