प्रतापगढ़ जिले के कोतवाली पट्टी थानाक्षेत्र में पुलिस ने एक फर्नीचर व्यवसायी की हत्या के सिलसिले में उसके किशोर बेटे (बाल अपचारी) सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक व्यवसायी के बेटे ने स्वीकार किया कि उसने अपने पिता की सुपारी देकर हत्या कराई थी ।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी दुर्गेश कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि खास पट्टी कस्बा में 21 मार्च की सुबह फर्नीचर व्यवसायी नईम (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी ।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों को चिन्हित किया था। उसने इस घटना के संबंध में तीन आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया था ।
कोतवाली पट्टी थाने के प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह आरोपी पीयूष पाल को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर नईम के बेटे (नाम प्रकट नहीं किया गया) और शुभम सोनी एवं प्रियांशु उर्फ़ गोलू को गिरफ्तार किया, जबकि आकाश गुप्ता एवं स्वप्नदीप यादव उर्फ़ कल्लू डान फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है ।
पुलिस की पूछताछ में नईम के बेटे ने बताया कि वह गलत संगत में पड़ गया था, इसी वजह से वह कभी दुकान से तो कभी घर से पैसे एवं आभूषण चुरा लिया करता था, जिससे उसका खर्च चलता था ।
अपर पुलिस अधीक्षक सिंह ने बताया कि पिता पैसे देने से मना करते थे एवं पाबंदी लगाते थे, जिससे वह नाराज रहता था ।
सिंह के अनुसार उसने पहले भी पिता की हत्या का प्रयास किया मगर असफल रहा । इसलिये उसने पिता की हत्या के लिए तीनों शूटरों को सुपारी दी ।


