बलिया , उत्तर प्रदेश पुलिस के भ्रष्टाचार निवारण संगठन (ACO) की टीम ने शुक्रवार को एक राजस्व निरीक्षक समेत दो राजस्व कर्मियों को एक व्यक्ति से रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
बलिया कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (SHO) संतोष यादव ने शुक्रवार की शाम को बताया कि ACO की आजमगढ़ इकाई की टीम ने शुक्रवार को दोपहर बलिया तहसील से गड़वार क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक बृजेंद्र राय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संतोष कुमार सिंह को एक व्यक्ति से दस हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि गड़वार क्षेत्र के सिंहाचंवर गांव के राजेश पांडेय ने शिकायत की थी कि जमीन की पैमाइश के लिए उनसे दस हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है। एसएचओ ने कहा कि इसके बाद एसीओ टीम ने कार्य योजना बनाकर आरोपी को उसके सहयोगी समेत रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


