बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र में आठ बीघा जमीन अपने नाम कराने के लिए एक व्यक्ति ने अपने बड़े भाई की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मामले में मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि ग्राम मलकपुर निवासी नरेन्द्र ने 21 सितंबर को थाना बड़ौत में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई हरेन्द्र विगत 17 सितंबर से लापता है।
उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि अविवाहित हरेन्द्र (55) के नाम आठ बीघा भूमि थी, जिसे नरेन्द्र अपने नाम कराना चाहता था। इसी लालच में उसने थाना रमाला के हिस्ट्रीशीटर विपुल, थाना दोघट क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर प्रभास, थाना सिंघावली अहीर क्षेत्र के राज उज्ज्वल और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर राज पैलेस के निकट हरेन्द्र की कार में उसी के गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद रात में शव को रमाला स्थित शवदाह गृह ले जाया गया, जहां पेट्रोल छिड़ककर उसे जला दिया गया।
चौहान ने बताया कि जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर थाना बड़ौत में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
उन्होंने बताया कि जांच के आधार पर पुलिस ने नरेन्द्र और राज उज्ज्वल को रविवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।