मेरठ में हापुड़-बुलंदशहर राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर दो कारों के बीच टक्कर हो जाने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि खरखौदा थाना क्षेत्र में बिजौली कट के पास हुए इस हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान भावनपुर थाना क्षेत्र के जई गांव निवासी मोबीन (60), मोहम्मद साहब (45) और इसरफ (35) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्विफ्ट कार हापुड़ की ओर से मेरठ आ रही थी और इसी दौरान कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने से आ रही इको कार से टकरा गई।
उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार तीन बार पलट गई, जबकि स्विफ्ट कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने कहा कि स्विफ्ट चालक अनस कार में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
उन्होंने कहा कि इको कार में मोबीन, चालक मोहम्मद साहब और महिला इसरफ और दो बच्चे सवार थे। उन्होंने कहा कि वे परिवार के एक सदस्य की बहू को लेने हापुड़ जिले के बझेड़ा कला जा रहे थे। उन्होंने कहा कि हादसे में दोनों बच्चे घायल हो गए जबकि स्विफ्ट चालक अनस भी घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
अभिजीत कुमार ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में खरखौदा थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।