तमिलनाडु के चेन्नई में तीन अक्टूबर को लापता हुए चार स्कूली छात्रों के शव रविवार को क्रोमपेट के पास थिरुनीरमलाई झील में मिले। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान लक्ष्मीपुरम की कृष्णा स्ट्रीट निवासी पूजा (13), खुशी (13), के. देवदर्शन (12) और युवनेश (10) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों लड़कियां आठवीं कक्षा में पढ़ती थीं जबकि दोनों लड़के क्रमश: सातवीं और छठी कक्षा में पढ़ते थे।
पुलिस ने बताया कि बच्चे शनिवार को अपने इलाके में खेलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे, जिसके बाद उनके माता-पिता और रिश्तेदारों ने उनकी तलाश की तथा स्थानीय व्हाट्सऐप समूहों में उनकी तस्वीरें भी साझा कीं, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद शनिवार देर रात क्रोमपेट थाने में अलग-अलग गुमशुदगी की शिकायतें दर्ज कराई गईं।
पुलिस ने बताया कि रविवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने थिरुनीरमलाई पेरिया एरी में चार शव तैरते देखे और अधिकारियों को इसकी सूचना दी। तमिलनाडु अग्निशमन एवं बचाव सेवा (टीएनएफआरएस) के कर्मी मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि बच्चे झील में नहाने के लिए उतरे होंगे और कीचड़ में फंसने के कारण डूब गए।
परिवार के सदस्यों ने शवों की पहचान की, जिसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए तांबरम जिला सरकारी अस्पताल के शवगृह ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।