नोएडा में शनिवार को गुरुग्राम के 29-वर्षीय एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने एक बहुमंजिला इमारत की 43वीं मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
सोशल मीडिया पर कथित रूप से घटना से कुछ क्षण पहले के कई वीडियो भी सामने आए हैं जिनमें वहां मौजूद लोग उसे आत्महत्या करने से रोकने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संभव जैन के रूप में हुई है। वह सेक्टर-94 स्थित ‘सुपरनोवा स्पायरा’ इमारत में अकेले आया था और उसने एक दिन के लिए एक कमरा किराये पर लिया था।
अपर पुलिस उपायुक्त (नोएडा) मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस को शनिवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, इमारत से कूदने से ठीक पहले जैन बालकनी की रेलिंग से लटका हुआ था।
ऑनलाइन सामने आए एक वीडियो में जैन रेलिंग पकड़े किनारे पर खड़ा दिखाई देता है, जबकि बालकनी में मौजूद चार लोग उसे सुरक्षित स्थान पर वापस आने के लिए समझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में जैन उन लोगों से बातचीत करता दिखाई दे रहा है और एक व्यक्ति उसका हाथ पकड़कर उसे बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है, लेकिन कुछ ही क्षण बाद जैन इमारत से नीचे कूद गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक परिस्थितियों, उसके बेटे की स्वास्थ्य संबंधी समस्या, बढ़ते कर्ज और वैवाहिक विवाद के कारण उसके मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है।
एक अधिकारी ने बताया कि जैन अपने पिता के संपर्क में था और उसने उनसे (पिता से) कहा था कि वह जीवित नहीं रहेगा और आत्महत्या कर लेगा।
पुलिस के अनुसार, जैन ने घटना से पहले अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने कर्ज को लेकर अपनी परेशानी का जिक्र किया और अपने इस फैसले के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया।
पुलिस इमारत और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।