आगरा, थाना न्यू आगरा पुलिस ने चांदी खरीदने के बहाने व्यापारियों से ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी असली चांदी के बदले ऐसी नोटों की गड्डियां देते थे, जिनमें ऊपर असली नोट दिखाई देता था, जबकि नीचे सफेद कागज या चलन से बाहर हो चुके पुराने नोट रखे होते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 लाख 34 हजार 500 रुपये की अप्रचलित करेंसी और 4 हजार रुपये की प्रचलित करेंसी बरामद की है। इसके अलावा कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी अमन वर्मा और दिल्ली निवासी सचिन वर्मा के रूप में हुई है। आरोपियों पर आरोप है कि वे पहले चांदी के कारोबारियों से संपर्क कर खरीदारी का भरोसा कायम करते थे। सौदा तय होने के बाद भुगतान के नाम पर नोटों की गड्डियां थमा देते और असली चांदी लेकर फरार हो जाते थे। बाद में गड्डी खोलने पर व्यापारी को उसमें ऊपर एक असली नोट के अलावा सफेद कागज अथवा अप्रचलित नोट मिले।
पुलिस की पूछताछ में फरीदाबाद निवासी हरेंद्र और अनस के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों पुराने और बंद हो चुके नोट उपलब्ध कराने में मदद करते थे। अब पुलिस इन दोनों की तलाश के साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बरामद रकम, वाहन और मोबाइल फोन को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इस तरीके से कितने व्यापारियों को अपना निशाना बनाया और पुराने नोटों की इतनी बड़ी मात्रा उनके पास कहां से आई।