सुलतानपुर जिले के हलियापुर क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के अंदर पाया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि हलियापुर थाना क्षेत्र के रामपुर बबुआन गांव में पियारी देवी (65) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके घर के अंदर बिस्तर पर पाया गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुमार ने बताया कि शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि पियारी देवी निःसंतान थीं और उनके पति रामकिशोर का पहले ही निधन हो चुका है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि बुजुर्ग महिला की मौत उनकी चार बीघा जमीन के विवाद से जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुलतानपुर जिले में संदिग्ध रूप से सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में दो छात्राओं की मौत
पुलिस के अनुसार अखण्डनगर क्षेत्र के बनगवांडीह गांव में पायल सिंह (13) रात में अपनी बहनों के साथ घर में सो रही थी, तभी किसी जहरीले जीव ने उसे काट लिया।
घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोग पायल को तुरंत अस्पताल न ले जाकर झाड़-फूंक कराने लगे। हालत खराब होने पर उसे सुलतानपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पायल को मृत घोषित कर दिया। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, एक अन्य घटना में भरसारे गांव में सौम्या सिंह (15) की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घर में सोते समय कथित तौर पर सांप के काटने से उसकी मौत हुई।
पुलिस के मुताबिक, रात में सौम्या परिवार के साथ खाना खाकर अपने कमरे में बिस्तर पर सोने चली गई थी। रविवार सुबह वह बिस्तर पर अचेत हालत में मिली। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्रा का शरीर नीला पड़ गया था और उसके दाहिने हाथ की अंगुली में सांप काटने का निशान भी मिला। घर पर परिजनों ने शरीर नीला पड़ने पर बिस्तर को देखा तो उन्हें एक सांप दिखा।