श्रावस्ती जिले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और भिनगा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने भिनगा क्षेत्र के जंगल स्थित अंटा तिराहे के पास हुई मुठभेड़ के बाद 50-50 हजार रुपये के दो शातिर इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ छह राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश गिरीश बहेलिया पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी इनामी बदमाश शिव कुमार जायसवाल को पुलिस टीम ने मौके से दबोच लिया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग और बचाव की कार्रवाई में एसओजी/पुलिस टीम के उपनिरीक्षक (SI) अनुराग सिंह भी चोटिल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाश गिरीश और घायल दरोगा दोनों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिनगा में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों के अनुसार घायल आरोपी की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के अनुसार, दोनों गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और उनके खिलाफ चोरी, लूट, नकबजनी, अवैध शस्त्र (आर्म्स एक्ट) और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट समेत दर्जनों गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
हाल ही में भिनगा, सिरसिया और सोनवा थाना क्षेत्रों में हुई चोरी व नकबजनी की वारदातों में भी पुलिस को इनकी तलाश थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कई जिंदा व खोखा कारतूस, एक पल्सर मोटरसाइकिल, नकदी तथा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। पुलिस दोनों के आपराधिक नेटवर्क की तफ्तीश में जुटी है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।