उत्तर प्रदेश में मानसूनी सक्रियता में एक बार फिर तेजी आई है। इसका असर खास ताैर पर पश्चिमी तराई में देखने को मिला। बिजनौर, बरेली, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर आदि जिलों में भारी से अति भारी बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग ने 7 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 24 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 40 से 80 कि.मी./ घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसके साथ ही बिजली गिरने, वज्रपात और ओला वृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।
सबसे पहले बात राजधानी दिल्ली की। दिल्ली में 7 सितंबर को भारी बारिश के साथ तेज आंधी चल सकती है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 कि.मी./ घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। बारिश के चलते कई इलाकों में जल भराव की स्थिति बन सकती है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का असर व्यापक रहने वाला है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बिजनौर, पीलीभीत, सीतापुर, कानपुर, बहराइच, हरदोई, शाहजहांपुर, रायबरेली, उन्नाव, इटावा, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, अयोध्या, देवरिया और गोरखपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। बिहार में भी कई जिलों पर मौसम की मार पड़ सकती है।
रविवार की बात करें तो को बरेली में सर्वाधिक 134.3 मिमी बारिश दर्ज हुई, बिजनाैर में 134 मिमी और मुरादाबाद में 114 मिमी बारिश हुई। वहीं लखनऊ बिजनौर और अयोध्या में लगातार बारिश से जगह जगह जलभराव से लोगों को हो रही परेशानी। मुरादाबाद में रामगंगा खतरे के निशान से ऊपर है।
वाराणसी में गंगा चेतावनी स्तर से नीचे आई, लेकिन 84 घाट जलमग्न हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार नए सक्रिय हुए मौसम तंत्र के असर से सोमवार और मंगलवार को यूपी के तराई जिलों में गरज चमक के साथ कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश हो सकती है।
बुधवार से निम्न दबाव क्षेत्र का असर कमजोर पड़ने पर बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, हरदोई, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, श्रावस्ती और आसपास के क्षेत्र के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।