अयोध्या में श्रावणी पर्व के पावन अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर एक बड़ा धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। मणिराम छावनी में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और श्री कृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के सानिध्य में भव्य रजत (चांदी की) शिला का पूजन किया गया।
पूजन कार्यक्रम से पूर्व रजत शिला को मां सरयू के पवित्र जल से स्नान कराया गया। इसके बाद जब शिला मणिराम छावनी पहुंची, तो वहां उपस्थित साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ उसका भव्य स्वागत किया। अनुष्ठान के दौरान वैदिक मंत्रोचार के बीच विधि-विधान से पूजन और महाआरती संपन्न हुई। इस अवसर पर ‘अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
यह पूजन श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर-मस्जिद मामले में हिंदू पक्षकार दिनेश फलाहारी के विशेष आह्वान पर आयोजित किया गया था। अनुष्ठान में मणिराम छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास, संत जानकी दास सहित अयोध्या के कई प्रमुख संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
महंत नृत्य गोपाल दास, जो राम मंदिर ट्रस्ट के साथ-साथ श्री कृष्ण जन्मभूमि न्यास के भी प्रमुख हैं, उन्होंने इस अवसर पर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। संतों ने संकल्प दोहराया कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद अब मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर दिव्य मंदिर का निर्माण उनका अगला मुख्य ध्येय है।