चित्रकूट में मंदाकिनी नदी ने 23 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। खतरे के निशान से करीब आठ मीटर ऊपर बह रही नदी की जलधारा ने रामघाट सहित नदी किनारे बसे गांवों में भारी तबाही मचाई है।
यूपी-एमपी मार्ग और झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कर्वी स्थित पुल के ऊपर पानी आने से घंटों आवागमन बाधित रहा, जिससे हजारों तीर्थयात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि मंदाकिनी समेत अन्य नदियों में आई बाढ़ ने अब तक के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार, चित्रकूट में यह अब तक की सबसे भयानक बाढ़ है।
गोबरिया गांव में फंसे करीब एक दर्जन लोगों को SDRF की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, मध्य प्रदेश क्षेत्र में फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित निकाला जा रहा है। विस्थापित लोगों के लिए प्रशासन की ओर से भोजन और ठहरने की व्यवस्था की गई है।