जौनपुर जिले की शाहगंज तहसील में तैनात एक लेखपाल को चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया।
शाहगंज तहसील में तैनात लेखपाल अशोक कुमार यादव ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में लिखा था, “चाय खतरे में है मित्तर, चीनी पहुंच गई सत्तर।”
पोस्ट के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद तहसील प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
शाहगंज के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अंकुर वर्मा ने बताया कि अशोक कुमार यादव ने रविवार को चीनी की बढ़ती कीमत पर कटाक्ष करते हुए यह पोस्ट किया था, जिसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को मिली।
उन्होंने बताया कि तहसील प्रशासन ने मामले की जांच कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी और सरकारी सेवा में रहते हुए सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणी करना सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना गया। अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर लेखपाल को निलंबित कर दिया गया।
एसडीएम ने बताया कि विभागीय जांच के लिए सरपतहां के नायब तहसीलदार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
"चाय खतरे में है मित्तर
चीनी हो गयी सत्तर"सोशल मीडिया पर इतना लिखते ही लेखपाल अशोक कुमार यादव को अनुशासन नियमावली में लपेटकर सस्पैंड कर दिया गया है.
बताओ लेखपाल होकर व्यंग्य करता है.
📍जौनपुर, उत्तर प्रदेश pic.twitter.com/NMEM8dRQ67
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) August 25, 2026









