सहारनपुर जिले में एक पुलिस आरक्षक की पत्नी ने शुक्रवार को अपने पति के राइफल से स्वयं को कथित तौर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि महिला ने यह कड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सदर बाजार पुलिस थाने के प्रभारी चंद्रसेन सैनी ने कहा कि मृत महिला की पहचान सविता (32) के रूप में की गई है। उसका पति टिंकू सिंह पुलिस विभाग में आरक्षी है और वर्तमान में खनन विभाग में तैनात है।
उन्होंने कहा कि यह दंपति पिछले दो साल से हकीकत नगर इलाके में मनीष कुमार के मकान में अपनी पांच साल और तीन साल की बेटियों के साथ किराए पर रह रही थी। शुक्रवार को जब कांस्टेबल टिंकू सिंह नहा रहा था, सविता ने अपने गले के दाहिनी ओर गोली मार ली जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह खुदकुशी की घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे और सदर बाजार पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू की है और पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव और अन्य संभव कारणों सहित सभी दृष्टिकोण से घटना के कारण का पता लगा रही है।










