प्रतापगढ़ जिले के लालगंज इलाके में रानीगंज कैथोला बाजार में दो/तीन अगस्त की दरमियानी रात कार और स्कूटर की टक्कर को लेकर हुए विवाद में कार चालक ने स्कूटर सवार को गोली चला दी। बीच-बचाव की कोशिश में एक और युवक भी घायल हो गया।
अपर पुलिस आयुक्त (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने सोमवार को बताया कि लालगंज थाना क्षेत्र के रहने वाला सौरभ सिंह (29) रविवार रात अपने भतीजे सक्षम (23) के साथ रानीगंज कैथोला बाजार गया था।
राय ने बताया कि पुलिस चौकी के पास स्कूटर खड़ा करने और कुछ सामान खरीदने के बाद जब वे लौट रहे थे, तो उसकी स्कूटर एक कार से टकरा गयी और विवाद हो गया और बहस के दौरान चालक ने गोली चला दी जिससे सौरभ घायल हो गया और बीच-बचाव करने की कोशिश में उसका भतीजा सक्षम भी घायल हो गया।
राय ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लालगंज ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां से डॉक्टरों ने सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्रयागराज रेफर कर दिया, जबकि सक्षम को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने प्रतापगढ़ के रहने वाले कार चालक संजय शुक्ला को हिरासत में ले लिया है, घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल ज़ब्त कर ली है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।










