अयोध्या, नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर आनंद कुमार तिवारी ने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया है।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद वे एक्शन मोड में नजर आए और उन्होंने पूरी तहसील परिसर का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम ने तहसील के प्रत्येक पटल और कार्यालय में जाकर वहां तैनात कर्मचारियों से सीधे बातचीत की और पत्रावलियों के रख-रखाव व कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाते हुए एसडीएम आनंद कुमार तिवारी ने स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई, देरी या लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि तहसील में अपनी फरियाद लेकर आने वाले हर पीड़ित और शिकायतकर्ता की समस्या को बेहद संवेदनशीलता से सुना जाए और उसका समय सीमा के भीतर त्वरित व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
नवागत एसडीएम के इस औचक निरीक्षण और पहले ही दिन दिखे कड़े रुख से तहसील कर्मियों में हड़कंप का माहौल रहा।
इस पूरे निरीक्षण और कार्यभार ग्रहण करने के दौरान तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार गौरी शंकर वर्मा, नायब तहसीलदार स्नेहिल वर्मा तथा लेखपाल संघ के अध्यक्ष सौरभ पांडे सहित तहसील के कई अन्य अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।










