लखनऊ, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने अयोध्या स्थित राम मंदिर को प्राप्त दान से जुड़े कथित गबन के मामले के बाद अपना इस्तीफा दे दिया है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि द्वारा प्रेस को दिए गए एक बयान में कहा गया है कि मंदिर ट्रस्ट अपनी अगली बैठक में इस मामले में निर्णय लेगा।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि महासचिव चंपत राय और न्यासी अनिल मिश्रा के इस्तीफे प्राप्त हो चुके हैं जिन पर न्यास की आगामी बैठक में विचार किया जाएगा। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया है कि दान में मिली सोने चांदी की ईंटें, आभूषण और अन्य मूल्यवान वस्तुएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। साथ ही कहा गया है कि SIT की रिपोर्ट के आधार पर FIR दर्ज होने के बाद विधिक कार्रवाई जारी है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए व्यवस्था और मजबूत की जाएगी।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी विश्वप्रसन्न तीर्थ स्वामी ने कहा- 11 जुलाई को ट्रस्ट की बैठक होगी… हम जांच करेंगे… गलतियों के लिए हम खेद व्यक्त करते हैं…जो लोग अपराध में शामिल हैं, उन्हें हम दंडित करेंगे।











