नोएडा, थाना सेक्टर-20 पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी दिलाने के नाम पर लोगों को झांसा देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद, एक चेकबुक, एक डेबिट कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि शनिवार को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए उमेर खान पुत्र जाकिर खान तथा अनुराग पारासरी पुत्र पुष्पेन्द्र पारासरी को सेक्टर-27 स्थित कैम्ब्रिज स्कूल के पास सर्विस रोड से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें कुल 11 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद रखे हुए थे। इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक की एक चेकबुक, एक डेबिट कार्ड और एक आधार कार्ड भी बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी क्रिप्टोकरेंसी उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों को झांसा देते थे। मामले की जांच के दौरान घटना में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता भी सामने आई है।
एडीसीपी ने बताया कि इस मामले में शामिल आरोपियों के दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।










