अयोध्या, नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के चेयरमैन एवं नेपाल के पूर्व उपप्रधानमंत्री Rabi Lamichhane अपनी पत्नी निकिता पौडेल के साथ अयोध्या पहुंचे और रामलला के दरबार में दर्शन-पूजन कर भारत एवं नेपाल की सुख-समृद्धि, शांति और आपसी सद्भाव की कामना की।
अयोध्या पहुंचने पर उनका स्वागत रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों, भाजपा नेताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किया गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचा, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर रामलला का आशीर्वाद प्राप्त किया।
दर्शन के उपरांत रबी लामिछाने ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों को साझा संस्कृति, आस्था, सभ्यता और परंपराएं एक सूत्र में बांधती हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या की यात्रा उनके लिए अत्यंत आध्यात्मिक और भावनात्मक अनुभव रही है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश ने कहा कि “वसुधैव कुटुंबकम्, शांति, सद्भाव और बंधुत्व हमारी संस्कृति और पहचान है। यही उन्नति और विकास का मूल मंत्र है।” उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) बलरामाचारी दुबे, एडीएम प्रोटोकॉल, महंत गोपाल दास, महामंत्री शैलेन्द्र कोरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।










