अयोध्या, मवई ब्लॉक मुख्यालय को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग कोटवा-सिपाहिया भट्ठे के निकट इन दिनों खतरे का पर्याय बना हुआ है। जंगल क्षेत्र में विद्युत लाइन पर गिरा पेड़ विभागीय लापरवाही की कहानी बयां कर रहा है।
एलटी लाइन पर गिरकर पेड़ बिजली के खंभों और तारों के सहारे सड़क के बीचों-बीच लटका हुआ है,जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद विद्युत विभाग अब तक गहरी नींद में सोया हुआ है।
स्थिति यह है कि सड़क से गुजरने वाले राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि पेड़ अचानक नीचे गिर गया या तार टूट गए तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। इतना ही नहीं इससे विभाग को भी भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है लेकिन जिम्मेदार अधिकारी शायद किसी अनहोनी घटना का इंतजार कर रहे हैं।
इसी संपर्क मार्ग से क्षेत्रीय लोगों का थाना, ब्लॉक, अस्पताल सहित अन्य स्थानों पर प्रतिदिन आवागमन होता है। हर रोज बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं,लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते लोगों की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दी गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि मामले की सूचना विद्युत विभाग के कर्मचारियों और लाइनमैन को पहले ही दी जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा और न ही पेड़ हटाने की कोई कार्रवाई की गई। विभाग की इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर पेड़ हटवाने तथा विद्युत लाइन को सुरक्षित कराने की मांग की है ताकि किसी भी अप्रिय घटना होने से पहले उसे ठीक किया जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस गिरे पेड़ को न हटाया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

