संत कबीर नगर जिले के महुली क्षेत्र स्थित गिगिना गांव में एक बंद कमरे से 30 वर्षीय महिला का शव मिला है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गिगिना गांव में श्रीपति बेलदार नामक व्यक्ति के घर से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने बाहर से बंद एक कमरे को खोला तो महिला का शव बिस्तर पर पड़ा मिला।
सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान बेलदार की पत्नी सुमित्रा देवी (30) के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सिंह ने बताया कि ऐसा लगता है कि महिला की मृत्यु दो या तीन दिन पहले हुई थी। उन्होंने बताया कि मृतका का पति फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
