गौतम बुद्ध नगर जिले में दहेज उत्पीड़न से तंग आकर एक महिला ने कथित रूप से अपने घर की छत से कूदकर खुदकुशी कर ली।
पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इकोटेक-3 थाने में दीपिका (24) की मौत के संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई। दीपिका की शादी करीब डेढ़ साल पहले जलपुरा गांव के निवासी ऋतिक से हुई थी।
अधिकारी ने बताया, रविवार रात दीपिका ने छत से छलांग लगा दी। कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न से तंग आकर उसने यह कदम उठाया। दीपिका के पिता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि महिला के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई जारी है।
यह घटना अगस्त 2025 में ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या के एक अन्य मामले के कुछ महीनों बाद सामने आई है। इस मामले में निक्की भाटी नामक महिला को उसके पति और ससुराल वालों ने 36 लाख रुपये की दहेज मांग पूरी न होने पर कथित तौर पर जिंदा जला दिया था।

