अमेरिका के दक्षिणी प्रांत लुइसियाना में रविवार तड़के एक हथियारबंद व्यक्ति ने दो अलग-अलग घरों में घुसकर अपनी सात संतानों समेत आठ बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी और दो अन्य लोगों को घायल कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना पिछले दो वर्षों में अमेरिका की सबसे भीषण गोलीबारी की घटनाओं में से एक मानी जा रही है। बाद में आरोपी को भी मार दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना श्रेवेपोर्ट शहर के दक्षिण स्थित एक इलाके की है, जहां आरोपी ने पहले एक घर में घुसकर एक महिला को गोली मारी। इसके बाद वह दूसरे घर पहुंचा जहां इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया।
बॉर्डेलोन ने बताया कि मारे गए बच्चों की उम्र एक वर्ष से करीब 12 वर्ष के बीच थी, जबकि घायलों में शामिल एक महिला उन सात बच्चों की मां है जिन्हें उनके पिता ने मार दिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान शमार एल्किन्स के रूप में हुई है जिसका पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे मार गिराया।
जांचकर्ताओं ने अभी तक इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की है। बॉर्डेलोन ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि जांच जारी है। उन्होंने कहा, “घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह है, ऐसा मंजर हमने पहले कभी नहीं देखा।
बॉर्डेलोन ने बताया कि एल्किन्स पहले भी पुलिस के रिकॉर्ड में रहा है और उसे वर्ष 2019 में एक हथियार से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, उसके खिलाफ घरेलू हिंसा से जुड़ी किसी अन्य घटना की जानकारी नहीं थी।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से भागते समय आरोपी ने बंदूक की बल पर एक कार लूट ली थी, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे ढेर कर दिया।
लुइसियाना की प्रतिनिधि सभा की सदस्य टैमी फेल्प्स ने बताया कि कुछ बच्चों ने पीछे के दरवाजे से भागने की कोशिश की। उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा, “आज यहां पहुंचकर पुलिस और राहतकर्मियों ने जिस भयावह मंजर का सामना किया, उसकी कल्पना करना भी मुश्किल है।
आरोपी एनकाउंटर में ढेर
हमले के दौरान एल्किन्स ने दो महिलाओं, उसकी पत्नी और दूसरी महिला को भी गोली मारकर घायल कर दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसकी पत्नी को चेहरे पर गोली लगी, जबकि दूसरी महिला को पास के एक घर में निशाना बनाया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया और कारजैकिंग की… pic.twitter.com/Kqz1HPgVMB
— RT Hindi (@RT_hindi_) April 20, 2026










