अयोध्या जिले के रुदौली क्षेत्र स्थित मवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मदन बरनवाल को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है और उन्हें सीएमओ कार्यालय अयोध्या से संबद्ध कर दिया गया है।
यह कार्रवाई उस समय हुई जब हाल ही में डॉ. बरनवाल का निजी अस्पताल में प्राइवेट प्रैक्टिस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले को भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रतिनिधि पवन राजपूत ने प्रमुखता से उठाया और लगातार शासन-प्रशासन से जवाब मांगा।
सीएमओ अयोध्या द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में कई खामियां पाई गईं, जिसके आधार पर यह कड़ी कार्रवाई की गई। वहीं, डॉ. संतोष सिंह को मवई सीएचसी का नया चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो, शिकायतों और निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। फिलहाल पूरे स्वास्थ्य महकमे में इस कार्रवाई से हड़कंप का माहौल है।










