अयोध्या, शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य मार्गों पर बुलडोजर गरजा और अधिकारियों ने ग्राउंड जीरो पर उतरकर कार्रवाई की निगरानी की।
अभियान का नेतृत्व एसपी ट्रैफिक एपी सिंह और एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने किया। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने चौक से फतेहगंज तक मुख्य मार्ग पर व्यापक कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया।
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखे गए सामान को जब्त किया गया, वहीं दुकानों के सामने खड़ी गाड़ियों का चालान भी काटा गया। इसके अलावा अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा के खिलाफ भी जल्द सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जाम की समस्या से स्थायी समाधान के लिए अब रोस्टर बनाकर नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा। साथ ही व्यापार मंडल के साथ समन्वय बनाकर दीर्घकालिक समाधान निकालने की योजना भी बनाई जा रही है।
प्रशासन के मुताबिक, राम मंदिर के निर्माण के बाद शहर में श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है। इसी को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।
इस दौरान सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी, नगर निगम का प्रवर्तन दल और नगर कोतवाल अश्वनी पांडे भी अपनी-अपनी टीमों के साथ मौके पर मौजूद रहे।




