अयोध्या में रामनवमी के पावन अवसर पर श्री राम जन्मभूमि मंदिर में इस बार भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार इस विशेष दिन राम मंदिर पूरे दिन श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले भक्त सहजता से रामलला के दर्शन कर सकें।
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि सुबह 6:30 बजे से अनुष्ठान शुरू होंगे, जो 11 बजे तक चलेंगे। इसके बाद दोपहर ठीक 12 बजे भगवान रामलला का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
इस दौरान सूर्य की किरणें रामलला के मस्तक पर पड़कर दिव्य “सूर्य तिलक” का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेंगी, जिसे एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी प्रसारित किया जाएगा।
इस खास मौके पर भगवान को करीब छह क्विंटल पंजीरी व 56 भोग का भोग अर्पित किया जाएगा। मंदिर परिसर में बधाई गान और फूल बंगला झांकी भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन मार्ग पर मैट और छाया की व्यवस्था की गई है। शाम होते ही मंदिर का शिखर भव्य फसाड लाइटिंग से जगमगा उठेगा, जिससे पूरी अयोध्या नगरी दिव्य आभा में सराबोर नजर आएगी।










